उत्तर प्रदेशलखनऊ

यूपी पुलिस की तकनीकी सेवाओं को लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय सम्मान, एडीजी नवीन अरोड़ा सम्मानित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीकी सेवाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता साबित करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देशन में कार्य कर रही तकनीकी सेवाओं को लगातार तीसरे वर्ष राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। तकनीकी सेवाओं के प्रमुख एडीजी नवीन अरोड़ा को सुशासन में तकनीकी नवाचार (Technological Advancement in Governance) के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित स्कॉच नेशनल अवॉर्ड (SKOCH National Award) से सम्मानित किया गया है।

यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा तकनीक आधारित पुलिसिंग, डिजिटल नवाचार और जनसेवा को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना है। लगातार तीसरे वर्ष यह सम्मान प्राप्त होना यूपी पुलिस की तकनीकी सेवाओं की दक्षता, नवाचार और प्रभावी कार्यशैली का प्रमाण माना जा रहा है।

इस अवसर पर एडीजी तकनीकी सेवाएं नवीन अरोड़ा ने इस सम्मान का श्रेय अपनी पूरी टीम को दिया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीकी क्षमता, नवाचार और जनता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी तकनीक के माध्यम से पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जाएगा।

लगातार तीसरे वर्ष प्राप्त इस राष्ट्रीय सम्मान ने उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीकी सेवाओं को देशभर में नई पहचान दिलाई है और पुलिस विभाग की डिजिटल पहल को नई मजबूती प्रदान की है।

Related Articles

Back to top button