उत्तर प्रदेश

कल्याण मंडपम के लोकार्पण पर बोले सीएम योगी – “समाज की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं जुटाना सरकार का दायित्व”

 

गोरखपुर, 6 जून।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी सभ्य समाज के लिए आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना एक लोकप्रिय और उत्तरदायी सरकार का प्रमुख दायित्व होता है। शुक्रवार को उन्होंने सूरजकुंड कॉलोनी स्थित 4.52 करोड़ रुपये की लागत से बने शहर के दूसरे कल्याण मंडपम का लोकार्पण करते हुए यह बात कही। नगर निगम द्वारा 35,500 वर्गफुट क्षेत्र में निर्मित यह भवन खासतौर पर निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक आयोजनों के लिए तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर नगर निगम प्रदेश का पहला नगर निगम है, जिसने इस तरह की पहल कर अन्य निकायों के लिए आदर्श प्रस्तुत किया है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी विधायक निधि की पूरी राशि इस परियोजना के लिए समर्पित की गई है।

स्मार्ट सिटी के साथ सेफ सिटी की ओर कदम

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप हमें न केवल स्मार्ट सिटी बनाना है, बल्कि सेफ सिटी की दिशा में भी काम करना है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाएं जिससे तकनीक के माध्यम से सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्षदों से हर वार्ड में मोहल्ला समितियां गठित करने का आग्रह किया, जो न केवल सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगी बल्कि पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण में भी भाग लेंगी। सीएम ने जलवायु परिवर्तन की भयावहता पर चिंता जताई और प्रकृति की शरण में जाने की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम लगाने और नदियों के किनारों पर पौधरोपण का आग्रह किया।

अहिल्याबाई होल्कर के नाम होगा वर्किंग वूमेन हॉस्टल

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गोरखपुर नगर निगम द्वारा प्रस्तावित 75-बेडेड वर्किंग वूमेन हॉस्टल का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक होगा।

नगर विकास के विविध पहलुओं की चर्चा

सीएम योगी ने सड़क कनेक्टिविटी, खाद कारखाना, एम्स, रामगढ़ताल समेत अनेक विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए गोरखपुर को चारों ओर से फोरलेन सड़कों से जुड़ा शहर बताया। उन्होंने बंधु सिंह पार्क की मल्टीलेवल पार्किंग, इंदिरा बाल विहार में फूड स्ट्रीट, घंटाघर और लालडिग्गी पार्क के सौंदर्यीकरण समेत कई नई परियोजनाओं की भी जानकारी दी।

योग दिवस को भव्यता से मनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने जनमानस से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्यता से मनाने की अपील की और कहा कि योग आरोग्यता की गारंटी है। साथ ही, 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर एक पेड़ मां के नाम लगाने का भी आग्रह किया।

जनप्रतिनिधियों ने की मुख्यमंत्री की सराहना

समारोह में सांसद रविकिशन शुक्ल ने गोरखपुर के विकास को जनकल्याण की दिशा में नजीर बताया। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने नगर निगम की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। वहीं, विधायक विपिन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर ने एक नई पहचान बनाई है।

कार्यक्रम में मंचीय कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर और फीता काटकर कल्याण मंडपम का उद्घाटन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम कर्मियों को सम्मानित भी किया। समारोह में जिले के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button